कालिदास अकादमी में पानी पतासा भंडारे की सबसे ज्यादा पतासे खाने की प्रतियोगिता में स्वीटी सक्सेना विजेता रहीं
उज्जैन शहर की पहचान तरह-तरह के भंडारों से है, लेकिन इस बार कालिदास अकादमी में रविवार शाम लगे पानी पतासा भंडारे ने सबका ध्यान खींचा। यहां लोगों को पेट भर पतासे खिलाने के साथ सबसे ज्यादा पतासे खाने की प्रतियोगिता भी कराई गई। इस प्रतियोगिता में स्वीटी सक्सेना ने 100 पानी पतासे खाकर सबको चौंका दिया। मंच से उन्हें 2100 रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि स्वीटी सक्सेना प्रतियोगिता की तैयारी करके नहीं आई थीं। उनकी बेटी ने उनसे सिर्फ इतना कहा था कि मम्मी, जा रही हो तो जीतकर आना। स्वीटी सक्सेना ने बेटी की इसी बात को चुनौती मान लिया और हिम्मत जुटाकर पतासे खाने शुरू किए। उन्होंने बताया कि आखिरी दौर में पतासे खाना मुश्किल हो रहा था, लेकिन बेटी की खातिर उन्होंने हार नहीं मानी। कार्यक्रम में नेताओं और अतिथियों का स्वागत भी फूल-मालाओं के बजाय पानी पतासे खिलाकर किया गया। आयोजन स्थल पर दो टेबल लगाई गई थीं, जिन पर पतासे सजाए गए थे। आलू का मसाला और पानी भी रखा गया था, और लोग अपने हाथों से पतासे बनाकर खा रहे थे। कुछ प्रतिभागी 15 से 20 पतासे खाकर रुक गए, जबकि कई ने 50 से ज्यादा पतासे खाए। स्वीटी सक्सेना के लिए लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजक डॉ. महेंद्र यादव ने बताया कि यह भंडारा दीपावली मिलन समारोह के तहत आयोजित किया गया। ठहाका सम्मेलन समिति और डॉ. महेंद्र यादव सेवा समिति की ओर से इस अनोखे पानी पतासा भंडारे का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। प्रतियोगिता में 180 सेकंड में 193 पानी पतासे खाने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ने पर 10 हजार रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई थी। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से भी 51 हजार रुपए का पुरस्कार देने की बात कही गई थी।

