दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में सोमवार शाम एक खेत से 10 साल के अभिषेक अहिरवार का शव मिला। बच्चा छह दिन से लापता था। तेजगढ़ पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। अभिषेक 10 नवंबर की शाम 6 बजे घर से निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, मगर कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने 11 नवंबर को तेजगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बालक की तलाश शुरू की और सोमवार शाम गांव के खेत में शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या ही प्रतीत हो रही है। हत्या कैसे की गई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा। एसपी के मुताबिक शव 4 से 5 दिन पुराना है और बहुत बुरी हालत में मिला। ऐसे में पहचान के लिए नई चप्पल अहम साबित हुई। पिता बहादुर अहिरवार ने चप्पल देखकर शव की पहचान की। बहादुर ने बताया कि उन्होंने करीब 20 दिन पहले दमोह में बेटे के लिए चप्पल खरीदी थी। शव को देर रात जिला अस्पताल भेजा गया। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बहादुर अहिरवार ने पुलिस से आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आजाद समाज पार्टी ने भी परिजनों के साथ एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपए मुआवजा और सीबीआई जांच की मांग की गई है।
समाचार
छह दिन से लापता 10 साल के अभिषेक का शव खेत में मिला, पिता ने चप्पल से पहचाना
17 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे
छह दिन से लापता 10 साल के अभिषेक का शव खेत में मिला, पिता ने चप्पल से पहचाना
