रबी फसलों की सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों का आक्रोश रविवार को सड़क पर दिखाई दिया। कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम पगारा के पास अशोकनगर की ओर जाने वाले स्टेट हाईवे पर आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। किसानों का आरोप था कि सरकार खेती के लिए प्रतिदिन 10 घंटे बिजली देने की बात कहती है। लेकिन हकीकत यह है कि उन्हें 3 से 4 घंटे भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। बार-बार बिजली गुल होने के कारण खेतों में पानी नहीं पहुंच रहा है। फसल खराब होने की आशंका बढ़ती जा रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर एकत्र होकर बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन में शामिल इमझरा निवासी पूरन सिंह रघुवंशी ने बताया कि आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। किसानों को 10 घंटे बिजली देने का दावा किया जाता है। लेकिन कई बार चार घंटे भी बिजली नसीब नहीं होती। जो बिजली मिलती है, वह भी लगातार नहीं रहती। आधे-आधे घंटे में आपूर्ति बंद हो जाती है। किसान पूछ रहे हैं कि ऐसे में वे खेतों में सिंचाई कैसे कर पाएंगे। किसानों ने कहा कि इस समय रबी की फसलों को पानी की जरूरत है। पहली सिंचाई का समय निकलता जा रहा है और बिजली की अनियमितता से किसान परेशान हैं। पूरन सिंह के मुताबिक रविवार सुबह करीब 9 बजे बिजली लाइन जोड़ी गई थी। लेकिन कुछ ही देर बाद फिर आपूर्ति बंद हो गई। जब किसान फीडर पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि लाइन में फॉल्ट हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या किसी एक दिन की नहीं, बल्कि लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार रोज नए फीडर बनाए जाने की बात कही जाती है। इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नजर नहीं आ रहा।
समाचार
10 घंटे बिजली के दावे पर पगारा में किसानों ने हाईवे जाम किया
15 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
