100 से अधिक शिकायतें लंबित रखने वाले विभागों को चेतावनी दी गई
जिले की रैंकिंग प्रभावित
कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत CM हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अखिलेश कुमार जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर मीना ने विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समय- सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मीना ने कहा कि जिन विभागों में 100 से अधिक शिकायतें लंबित हैं, उनके कारण जिले की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने ऐसे विभागों को चेतावनी दी। सभी जिला अधिकारी प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से शिकायतों की मॉनिटरिंग करें। वे निराकरण की प्रगति पर विशेष ध्यान दें। कार्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतने पर कलेक्टर मीना ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के एक अधिकारी के बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसी तरह जनजातीय कार्य विभाग को शनिवार तक कम से कम 50 शिकायतों का निराकरण करने का लक्ष्य दिया गया। लक्ष्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 100 से अधिक शिकायतें लंबित रखने वाले विभागों द्वारा संतोषजनक निराकरण न किए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। राजस्व विभाग की समीक्षा में धार, बदनावर, सरदारपुर, पीथमपुर और नालछा सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों को केवल फोर्स क्लोज करने के बजाय आवेदकों की संतुष्टि के साथ बंद कराया जाए। सभी तहसीलदार शनिवार तक लंबित शिकायतों में 25 प्रतिशत तथा सोमवार तक 40 प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। शीर्ष 10 शिकायतों का प्राथमिकता से संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। सभी अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार यह सुनिश्चित करें कि जिले में कुल लंबित शिकायतों की संख्या 500 से अधिक न हो।
