मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के आह्वान एवं पुलिस मुख्यालय, मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता अभियान नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 के अंतर्गत शनिवार को विदिशा के यातायात थाना परिसर से भव्य नशा मुक्त जन जागरूकता रैली का निकाली गई। कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने हरी झंडी दिखाकर इस रैली को यातायात थाना परिसर से रवाना किया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़री। यह रैली थाना यातायात से प्रारंभ होकर गुलाब वाटिका, बड़ा बाजार एवं माधवगंज होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचकर सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, मीडियाकर्मियों व नागरिक बंधुओं ने सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि नशे के विरुद्ध समाज का प्रत्येक वर्ग सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रहा है तथा जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने तथा सभी नागरिकों से जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त विदिशा के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर, आर्थिक स्थिति एवं पारिवारिक जीवन पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है तथा इससे किसी का कोई लाभ नहीं होता। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी स्थान पर कहीं भी कोई भी व्यक्ति नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार अथवा सेवन करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। रेलवे स्टेशन पर रैली के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, नागरिकों एवं सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी, ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्य गण, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं सहित शहर के नागरिक मौजूद रहे।
समाचार
विदिशा में नशामुक्ति का संदेश देने के लिए निकाली गई भव्य जन-जागरूकता रैली
ब्यूरो रिपोर्टर26 जुलाई 2026 को 5:51 am बजे
