उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के उंडासा गांव में बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात एक किसान के घर के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घर के पास बंधी गर्भवती भैंस आग की चपेट में आकर मर गई। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल या मृत होने की सूचना नहीं है। उंडासा निवासी रामप्रसाद मालवीय के बेटे किसान विकास (28) ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते पड़ोस के कुछ युवकों ने उसके घर में आग लगाई। विकास के अनुसार, दो दिन पहले उसके घर के पास स्थित अंबे माता मंदिर परिसर में कुछ युवक लोगों को गालियां दे रहे थे। आपत्ति जताने पर उनके बीच तीखी बहस हुई। किसान ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद डमरू डागर, भावेश, विष्णु और श्याम उसे चाकू मारने और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित को संदेह है कि इन्हीं युवकों ने रात करीब 1 बजे उसके घर में आग लगाई। पीड़ित परिवार के अनुसार, रात में अचानक आग लगने पर घर के पास बंधी गर्भवती भैंस आग की लपटों में फंस गई। उसे बचाने और आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन भैंस को नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन से नामजद युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर आग लगने के कारण और आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। आग का कारण और लगाए गए आरोप जांच पूरी होने के बाद ही पुष्ट होंगे।
समाचार
उंडासा में संदिग्ध आगजनी, गर्भवती भैंस की मौत
15 अक्टूबर 2026 को 11:22 pm बजे

उंडासा में संदिग्ध आगजनी, गर्भवती भैंस की मौत
