कॉलेज क्वार्टर में बनाए संबंध, आरोपी विवाहित
भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की 22 वर्षीय छात्रा ने कॉलेज के एक कर्मचारी पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने यह शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। आरोपी की पहचान आनंददीप सिंह भामरा के रूप में हुई है। छात्रा की शिकायत पर रातीबड़ पुलिस ने जांच के बाद बुधवार देर रात आरोपी के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मुताबिक, कॉलेज में ही उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच परिचय हुआ, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गया। आरोपी छोटे-मोटे कामों में उसकी मदद करता था। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा से नजदीकियां बढ़ाईं। छात्रा का आरोप है कि 27 अगस्त को आरोपी ने जल्द शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने कॉलेज कैंपस स्थित अपने क्वार्टर में छात्रा के साथ पहली बार रेप किया। छात्रा के अनुसार, आरोपी पहले से शादीशुदा था। उसने छात्रा को बताया था कि वह जल्द ही अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा। इसी भरोसे पर वह उससे संबंध बनाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

