एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर 14 राज्यों के 146 राइडर्स ने सीहोर में भरा जोश
नशे से दूरी है जरूरी थीम पर आधारित राष्ट्रव्यापी बाइक रैली के सीहोर जिले में पहुंचने पर वहां के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह महाअभियान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और देश में एकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत देशभर को 4 जोन में बांटा गया है, जिसमें मध्य प्रदेश से गुजरने वाली जोन। 02 सेंट्रल के 78 और जोन। 04 नॉर्थ.ईस्ट के 68 सदस्य, यानी कुल 146 राइडर्स ने गुरुवार को भोपाल से यात्रा शुरू कर सीहोर तक का सफर तय किया। सीहोर पुलिस ने इस अनुकरणीय पहल का समर्थन करते हुए सभी राइडर्स को टोल नाके से राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान सीहोर तक सम्मानपूर्वक एस्कॉर्ट किया। संस्थान के छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट और पुष्प वर्षा से इन युवा प्रहरियों का स्वागत किया। इस रैली में 14 राज्यों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विविधता में एकता का अद्भुत नजारा पेश किया। कार्यक्रम में देश के 14 अलग-अलग राज्यों से आए टीम लीडर्स को अतिथियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। राइडर्स ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नशे से दूरी बनाए रखने का सशक्त संदेश दिया।
