भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि यहां सत्ता और विपक्ष, दोनों को अपनी बात कहने और सरकार के फैसलों पर सवाल उठाने का संवैधानिक अधिकार मिला है। लेकिन जब संविधान की रक्षा का सवाल भी राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बन जाए, तो यह सोचना जरूरी हो जाता है कि दलों की प्रतिबद्धता संविधान के प्रति है या संविधान के नाम पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के प्रति। मध्य प्रदेश में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा और कांग्रेस के बीच उभरा सियासी टकराव इसी सवाल को सामने लाता है। संविधान दिवस भारत में संविधान अपनाए जाने की याद में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को याद दिलाना है। इस बार प्रदेश में यह दिन केवल मूल्यों की याद तक सीमित नहीं रहा। भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप- प्रत्यारोप का बड़ा मंच बन गया। कांग्रेस ने बड़ी में संविधान रक्षा मार्च निकालकर लोकतांत्रिक संस्थाओं, नागरिक अधिकारों और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश देने की कोशिश की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेता इस मार्च में शामिल हुए। पूर्व सांसद विवेक तन्खा, नकुलनाथ और अन्य नेताओं की मौजूदगी ने इसे प्रदेशव्यापी राजनीतिक आयोजन का स्वरूप दिया। कांग्रेस ने इस आयोजन को अपने वोट रक्षक अभियान से भी जोड़ा। दूसरी ओर, भाजपा सरकार ने भोपाल में विधानसभा परिसर में संविधान उत्सव आयोजित किया। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इतिहास और उसकी संवैधानिक प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान की मूल भावना के साथ बार-बार खिलवाड़ किया, वही आज संविधान की दुहाई देकर राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आपातकाल, संवैधानिक संशोधनों और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किए जाने जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के इस बयान में भाजपा की उस रणनीति की झलक दिखती है, जिसमें कांग्रेस के अतीत को वर्तमान बहस का प्रमुख मुद्दा बनाया जाता है। कांग्रेस के लिए संविधान रक्षा का मुद्दा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में अपनी प्रासंगिकता स्थापित करने का प्रयास भी है। पार्टी लगातार यह सवाल उठा रही है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और नागरिकों के अधिकारों की कितनी सुरक्षा हो रही है। बड़ी से निकले मार्च के जरिए कांग्रेस ने संदेश दिया कि संविधान केवल सरकार चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि सत्ता को जवाबदेह बनाने वाली व्यवस्था है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी लोकतांत्रिक संस्थाओं और मताधिकार की रक्षा को इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बताया। भाजपा का तर्क है कि संविधान के प्रति सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को अपने शासनकाल का इतिहास भी याद रखना चाहिए। आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का ऐसा अध्याय है, जिसे लेकर कांग्रेस की भूमिका पर आज भी सवाल उठते हैं। 1975 से 1977 के बीच नागरिक स्वतंत्रताओं पर पाबंदियां लगीं और प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगा।
समाचार
मोहन ने किया संविधान का सम्मान, कांग्रेस का सियासी घमासान
26 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे

मोहन ने किया संविधान का सम्मान, कांग्रेस का सियासी घमासान
