राजगढ़ जिले के पीपल्या-रसोड़ा गांव के शासकीय हाई स्कूल में बच्चों को मिलने वाले पानी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल परिसर में रखी मुख्य पानी की टंकी में मृत जीव और बड़ी संख्या में कीड़े पाए गए हैं। दशहरे के अवकाश के दौरान स्कूल पहुंचे कुछ युवाओं ने टंकी की यह हालत देखकर उसका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, स्कूल की छत पर रखी पानी की टंकी का ढक्कन खुला पाया गया। जब युवाओं ने अंदर झांका तो पानी में मृत जीव और कीड़े तैरते हुए दिखाई दिए। इस दृश्य ने तुरंत ही ग्रामीणों के मन में सवाल उठाए कि क्या स्कूल में पेयजल की टंकी की नियमित सफाई होती है और पानी की गुणवत्ता की जांच की जाती है या नहीं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की तत्काल जांच कराने और टंकी की सफाई की मांग की है। संकुल प्राचार्य राधेश्याम विजयवर्गीय ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्कूल की दोनों पानी की टंकियों की हर सप्ताह सफाई कराई जाती है।
समाचार
स्कूल की टंकी में मिले मृत जीव-कीड़े
21 अक्टूबर 2026 को 10:46 pm बजे
