घोड़े की लात से घायल ठेकेदार संतोष सुरडकर की इलाज के दौरान मौत हुई
भोपाल के पंचशील नगर में घोड़े की लात लगने से घायल 39 वर्षीय ठेकेदार संतोष सुरडकर की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रिश्तेदार के बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। सड़क के दोनों तरफ बंधे घोड़ों के बीच से निकलते समय एक घोड़े ने उनके पेट में जोरदार लात मार दी। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है और उनकी मौत सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। मृतक संतोष सुरडकर पंचशील नगर में प्लॉट नंबर-1 के पास रहते थे और जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे। उनकी शादी को 11 साल हो चुके थे और कोई संतान नहीं थी। पिछले साल उन्होंने एक रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था। छोटे भाई विनोद के अनुसार संतोष अपने साले के साथ बाइक से कार्ड बांटकर लौट रहे थे। घर के पास रवि लोगांशी नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर कब्जा कर अस्तबल बना रखा है। यहां पांच से छह घोड़े पाले गए हैं और सड़क पर बंधे रहते हैं। चोट लगने के बाद संतोष को पेट में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी हुई। परिजन उन्हें पहले निजी अस्पताल ले गए, फिर चुना भट्टी स्थित दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

