पुलिस स्मृति दिवस पर आगर में अधिकारियों ने शहीदों को किया नमन, ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
पुलिस लाइन, आगर- मालवा में बुधवार को पुलिस शहीद स्मृति दिवस (पुलिस स्मृति दिवस) गरिमामय रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में आगर विधायक मधु गहलोत, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर विधायक गहलोत, पुलिस अधीक्षक सोनी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधीक्षक सोनी द्वारा गत एक वर्ष के दौरान देश भर में कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद पुलिस जवानों के नामों की सूची का वाचन कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। पुलिस जवानों की टुकड़ी ने शहीदों को सशस्त्र सलामी दी और एक भव्य मार्च पास्ट परेड प्रस्तुत की। उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। हॉट स्प्रिंग की वीरगाथा और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का सामना करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों की वीरता की स्मृति में मनाया जाता है। उन वीर जवानों का साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण आज भी पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है। यह दिवस उन सभी पुलिसकर्मियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्यपथ पर चुनौतियों का सामना करते हुए देश की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका त्याग राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

