पुलिस ने 36 घंटे में खोला मामला, मोबाइल पानी में डाले गए थे
सीहोर के बुदनी में 15 नवंबर को एक घर में तीन लोगों की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। तीनों की बेरहमी से हत्या की गई थी। हमलावर दम तोड़ने तक सिर में कुल्हाड़ी से वार करते रहे। इतनी बुरी तरह मारा कि सिर पूरी तरह फट गया। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने मृतकों के मोबाइल पानी से भरी बाल्टी में डाल दिए। पुलिस ने आरोपी बुदनी निवासी जगदीश (40) और अनिल (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने दो लाख रुपए कर्ज चुकाने से बचने के लिए वारदात की थी। मामले का दर्दनाक पहलू यह भी है कि तीनों का कोई रिश्तेदार नहीं मिला। इसलिए पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को दफना दिया। पुलिस ने मौके पर मिली डायरी की मदद से मामले का खुलासा किया। तीनों शव 15 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे बुदनी में रेलवे स्टेशन से लगे वार्ड 12 के एक घर में मिले थे। वहां एक ही परिवार के पति, पत्नी और बेटे के खून से लथपथ शव पड़े थे। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई। पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दी। कपड़ों और जमीन पर खून सूख चुका था, और दीवार पर खून के धब्बे थे। तीनों के शवों का पोस्टमार्टम बुदनी में तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम में पता चला कि तीनों के सिर में कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से बुरी तरह वार किए गए हैं। तीनों के सिर फट चुके थे, और अश्विन के सिर की हड्डी तक बाहर निकल आई थी। सिर के अलावा शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। डॉक्टरों ने बताया कि तीनों पर तब तक वार किया गया, जब तक उनकी जान नहीं निकल गई। शव मिलने के बाद वहां भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस भी जांच के लिए मौके पर पहुंची। पड़ोसी बसंती बाई वारदात के बाद से सदमे में हैं। उन्होंने ही सबसे पहले शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। बसंती बाई ने बताया कि 17 साल से वह और राकेश पड़ोसी थे। बसंती बाई के अनुसार सोमवार यानी 15 नवंबर की शाम अश्विन आखिरी बार नजर आया था। उसके बाद से कोई नहीं दिखा था। चूंकि वे लोग आते-जाते रहते थे, इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। राकेश ने कुछ बकरियां भी पाल रखी थीं।
