शीतला माता मंदिर हादसे के बाद तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंसाना लाइन हाजिर
ग्वालियर शहर के प्रतिष्ठित शीतला माता मंदिर में हुए हादसे के तीन दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंसाना को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कंसाना ने डकैत कल्ली गुर्जर सहित अन्य मामलों में जरूरत के हिसाब से कार्रवाई नहीं की और ड्यूटी में लापरवाही बरती। उनकी इस लापरवाही के चलते यह कदम उठाया गया है। इस मामले में सीएसपी रवि भदौरिया को पीएचक्यू अटैच किया गया है। मंदिर झांसी रोड क्षेत्र में आता है और झांसी रोड थाना पहले इनके सर्किल में था। निरीक्षक शक्ति सिंह यादव और निरीक्षक गीतेश शर्मा को निलंबित किया गया है। शक्ति सिंह यादव के थाना क्षेत्र में मंदिर आता था, जबकि गीतेश शर्मा के क्षेत्र से ओवरलोड ट्रक का कुछ हिस्सा गुजरा था। रक्षित निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी, जो झांसी रोड यातायात थाने के प्रभारी थे, उन्हें भी निलंबित किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक सुरभि शर्मा, धर्मेंद्र जोनवार, साधु सिंह गुर्जर और आसिफ मिर्जा बेग को नई तैनाती दी गई है। सुरभि शर्मा को थाना प्रभारी आंतरी, धर्मेंद्र जोनवार को थाना प्रभारी डबरा देहात, साधु सिंह गुर्जर को थाना प्रभारी डबरा देहात और आसिफ मिर्जा बेग को थाना प्रभारी तिघरा बनाया गया है।

