मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन में होंगे शामिल
इंदौर शहर में दशहरा का पर्व आज उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक शहर के सैकड़ों स्थानों पर छोटे-बड़े रावणों का दहन किया जाएगा और विजय उत्सव मनाया जाएगा। कलाकारों ने लंबे समय की मेहनत के बाद रावण के पुतले तैयार किए हैं। बड़े पुतलों को वाटरप्रूफ बनाया गया है, ताकि बारिश होने पर उन्हें गलने से बचाया जा सके। सायंकाल होने वाले रावण दहन के कार्यक्रम के लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। रावणों के सामने अतिथियों के लिए बड़े मंच सजाए गए हैं। कहीं रावण हंसेगा तो कहीं जयश्री राम के नारे गूंजेंगे। रावण के साथ लंका दहन की भी योजना है। सभी जगहों पर आतिशबाजी की शानदार तैयारियां की गई हैं। शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें भजन गायक और कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। शहर के कई राजनेता और जनप्रतिनिधि इन आयोजनों में शामिल होंगे। छावनी उषागंज हाईस्कूल मैदान, दशहरा मैदान, तिलक नगर, रामबाग, चिमनबाग, बड़ा गणपति, पालदा, विजय नगर, कनकेश्वरी मैदान सुखलिया, सुभाष नगर परदेशीपुरा, जिंसी, जूनी इंदौर, खातीवाला टैंक और महालक्ष्मी नगर में बड़े रावणों का दहन किया जाएगा। पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन की जोरदार तैयारी की गई है, क्योंकि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। डीआरपी लाइन में होने वाले इस पूजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक विशाल डोम तैयार किया है। इस बार यह पूजन भव्य रूप में आयोजित होगा, जिसमें जिले के प्रभारी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्वयं उपस्थित रहेंगे। प्रदेश सरकार ने विजयदशमी के अवसर पर प्रदेश के सभी बड़े शहरों में शस्त्र पूजन के बड़े आयोजन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए अलग-अलग मंत्रियों को जिलेवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी पुलिस लाइन में अधिकारियों की मौजूदगी में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद अधिकारी एक-दूसरे को बधाई देंगे। पिछले तीन दिनों से स्थानीय पुलिस लाइन में पुलिस प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही थीं। कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए एक विशाल डोम तैयार किया गया है। पंडाल और कुर्सियां भी लगाई जा चुकी हैं। पुलिस लाइन में वाहनों की पूजा भी की जा रही है। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होने वाला था, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन में विलंब के कारण अब यह रात 12 बजे होगा। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

