समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
छिंदवाड़ा की रहने वाली 20 वर्षीय युवती दीपाली प्रजापति ने शादी के करीब छह महीने बाद खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में इलाज के दौरान तीन दिन बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना शहर के गांधीनगर थाना इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, दीपाली मूल रूप से छिंदवाड़ा की रहने वाली थी। सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती रोहित कुशवाह से हुई थी। दोनों ने करीब छह महीने पहले भोपाल में लव मैरिज की थी। रोहित एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है, जबकि दीपाली गृहिणी थी। शादी के बाद से दीपाली गांधीनगर के पूजा कॉलोनी स्थित अपने ससुराल में रह रही थी। पति रोहित ने पुलिस को बताया कि दीपाली अपनी सहेली के साथ बिना बताए ग्वालियर घूमने गई थी। वह 17 अक्टूबर को भोपाल लौटी थी। उसी रात उसने घबराहट होने की बात कही और चाय पीने चलने के लिए कहा। रोहित उसे उपसरपंच ढाबे पर चाय पिलाने ले गया था। ढाबे से लौटते समय अचारपुरा के पास मीणा चौराहे पर दीपाली ने अपनी बोतल में रखा पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़क लिया। इसके बाद उसने आग लगा ली। उसे बचाने की कोशिश में रोहित के हाथ भी झुलस गए। पति रोहित गंभीर हालत में दीपाली को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले गया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि इससे पहले भी दीपाली आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी। पुलिस को आशंका है कि आत्महत्या से पहले उसका अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। इसी गुस्से में उसने पहले से रखी पेट्रोल की बोतल से खुद को आग लगा ली। फिलहाल परिजनों ने ससुराल पक्ष पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस पति और मायके वालों के बयान दर्ज कर रही है और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। यह घटना 21 अक्टूबर को हुई।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया