प्रकाश पर्व से एक दिन पहले एलजी आवास पहुंचे
पीएम मोदी सोमवार को दिल्ली में उपराज्यपाल आवास पर आयोजित प्रकाश पर्व में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शबद कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरबानी सुनी। मोदी पहली बार दिल्ली के एलजी आवास पहुंचे हैं। प्रकाश पर्व से एक दिन पहले उनका यहां आना चर्चा में है। पीएम मोदी ने सोमवार को कहा, 'जब एक युवा नशे की गिरफ्त में आता है, तो उसके साथ परिवार के सपने बिखर जाते हैं। ' उन्होंने कहा कि देश का हर युवा नशे से आजाद हो और अपने सपनों को पूरा करे। इस प्रयास में परिवारों की भूमिका बड़ी है। प्रधानमंत्री के अनुसार संगत और गुरुद्वारे मिलकर युवाओं को सही रास्ता दिखा सकते हैं। पीएम ने यह बात दिल्ली में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास पर आयोजित प्रकाश पर्व में कही। मोदी ने सबसे पहले गुरुग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका। इसके बाद वह गुरबानी सुनने के लिए बैठ गए। शबद कीर्तन के दौरान मोदी उंगलियों से हाथ पर थाप देते नजर आए।
पीएम ने कहा कि नशे से युवाओं को बचाने में गुरुद्वारे और संगत अहम भूमिका निभा सकते हैं। जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आता है, तो पूरे परिवार के सपने बिखर जाते हैं। परिवार, संगत और गुरुद्वारे मिलकर युवाओं को सही रास्ता दिखाएं, ताकि नई पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल हो सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले महीने 25 सितंबर को दिल्ली के दीनदयाल पार्क में जेन-जी के बीच पहुंचे थे। वे पंडित दीनदयाल की 110वीं जयंती पर हुए भजन क्लबिंग कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने खंजरी बजाई और भजनों पर गुनगुनाते भी नजर आए। मोदी का प्रकाश पर्व में शामिल होना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल पंजाब में चुनाव हैं। गुरु नानक का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर गुरुग्रंथ साहिब के सामने शबद कीर्तन का आयोजन हुआ।
