आग लगने से 4 दुकानें और 12 से ज्यादा रेहड़ियां चपेट में आईं, करोड़ों का नुकसान हुआ
भोपाल के न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बालाजी छोला भटूरे दुकान के संचालक पर एफआईआर दर्ज की है। जांच में यह बात सामने आई कि आगजनी में दुकान संचालक की घोर लापरवाही थी। भट्टी के पास रखे कपड़ों से आग भड़की और देखते ही देखते आसपास की 4 अन्य दुकानों और 12 से ज्यादा रेहड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। इस घटना में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ था। इस मामले में नगर निगम ने एक्शन मोड़ में आते हुए न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन घोषित कर दिया है। वहीं, टीटी नगर पुलिस ने दुकान संचालक दीप उर्फ दीपू अग्रवाल के खिलाफ लापरवाही और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच में यह बात सामने आई कि बालाजी छोला-भटूरा दुकान में भट्टी जल रही थी। इसके पास रखे कपड़ों में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलीं और देखते ही देखते पूरे बाजार में आग फैल गई। इस हादसे में आम्रपाली रेस्टोरेंट, विजय स्टोर, एक कैफे और एक मोबाइल दुकान को भारी नुकसान हुआ। घटना के बाद आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि आग लगने की शुरुआत भट्टी के पास रखे कपड़ों से हुई थी, जिसके बाद दुकान संचालक की लापरवाही को लेकर यह कार्रवाई की गई है। दूसरी ओर, नगर निगम यह पता लगा रहा है कि दुकान में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं। अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच के बाद इस पहलू पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। निगम ने बुधवार को न्यू मार्केट में करीब 3 घंटे मॉकड्रिल भी की थी। इस दौरान 2 दमकलों को पूरे मार्केट में घुमाया गया और जहां-जहां दमकलें रुकीं, वहां से निगम ने सामान जब्त किया। 8 अक्टूबर को लगी आग के वक्त दुकान के सामने रखे सामान की वजह से दमकलें आगे नहीं बढ़ पाई थीं। नगर निगम ने गुरुवार से हॉकर्स की शिफ्टिंग पर जोर देने की घोषणा की है। इसके चलते बुधवार को दिनभर एनाउंसमेंट कराया गया कि गुरुवार को हॉकर्स को स्टेडियम के पास शिफ्ट कर लें, अन्यथा जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि न्यू मार्केट को नो-व्हीकल जोन बनाया जा रहा है। रेहड़ी लगाकर व्यवसाय करने वाले हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में विस्थापित किया जाएगा। बुधवार को हुई कार्रवाई की 2 तस्वीरों में दुकानों के सामने पीली लाइन से मार्किंग करते हुए दिखाया गया। निगम दुकानों के सामने पीली लाइन की पुनः मार्किंग कर रहा है। बुधवार से यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

