मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार 24 अक्टूबर को सतना–देवेंद्रनगर तथा रीवा–चुरहट रेलखंडों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इस दौरान देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। सतना–देवेंद्रनगर रेलखंड 53 किलोमीटर लंबा है, जबकि रीवा–चुरहट रेलखंड 65 किलोमीटर लंबा है। इन नई रेल लाइनों के शुरू होने से विंध्य क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। इस रेल संपर्क के विस्तार से सतना, देवेंद्रनगर, रीवा, चुरहट और आसपास के क्षेत्रों के बीच यात्रा आसान हो जाएगी। विशेष रूप से सीधी जिले का रेल नेटवर्क से जुड़ना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार यह जिला सीधे रेल संपर्क से जुड़ेगा। इससे जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को यात्रा में सुविधा मिलेगी, साथ ही बड़े शहरों तक पहुंच भी सुगम होगी। नई ट्रेन सेवा विंध्य क्षेत्र के विभिन्न जिलों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी, जिससे सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी। नियमित रेल सेवा से स्थानीय लोगों के समय और यात्रा लागत में भी कमी आने की उम्मीद है। यह सुविधा क्षेत्र के सामाजिक विकास को गति देगी।
समाचार
मुख्यमंत्री यादव-वैष्णव करेंगे नए रेलखंडों का उद्घाटन
23 अक्टूबर 2026 को 11:03 pm बजे
