प्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मध्य प्रदेश पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन, विक्रय और खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मंदसौर, भोपाल देहात, अलीराजपुर एवं पांढुर्णा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और गांजे के पौधे जब्त कर मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए हैं। इन जिलों में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 37 लाख 16 हजार 500 रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त की गई। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अवैध खेती के मामलों में भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। मंदसौर जिले में पुलिस ने गरोठ-भानपुरा आम रोड पर कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपए है। इसके साथ ही 5 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत 10 हजार रुपए है, भी जब्त किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस कार्रवाई में कुल 25 लाख 75 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई। प्रकरण में मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। भोपाल देहात में पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना परवलिया सड़क पर कार्रवाई करते हुए 12.63 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 3 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। अलीराजपुर जिले में थाना सोंडवा सहित पांच थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम छोटी हथवी के पटेल फलिया में कपास और अन्य फसलों के बीच गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से गांजे के 280 पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 142 किलोग्राम था और अनुमानित कीमत 7 लाख 10 हजार रुपए है।
समाचार
नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
25 अक्टूबर 2026 को 11:54 pm बजे
नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
