कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करने को कहा
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शनिवार को उमरिया जिला कार्यालय में आयोजित जिला बैठक में कांग्रेस पर देश को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रारंभ से जिस राजनीतिक मॉडल पर काम किया, उससे देश को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस की नीतियों ने समाज में विभिन्न प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा दिया, जबकि भाजपा ने आंदोलनों और जनजागरण के माध्यम से बेहतर व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया है। चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कांग्रेस की अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर करें और संगठन को मजबूत बनाते हुए विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठाती है और लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रहार करती है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इन विषयों पर तथ्यपरक संवाद करना है। चंद्रशेखर ने जोर देकर कहा कि भाजपा का लक्ष्य ही देश और समाज के हितों के लिए कार्य करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निर्णायक नेतृत्व और ईमानदार शासन की दिशा में लगातार काम कर रही है। डिजिटल तकनीक के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने, स्वदेशी संसाधनों को बढ़ावा देने तथा गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता देने जैसे कार्य सरकार की कार्यशैली के प्रमुख आधार हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री ने यह भी बताया कि भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं पुनरुत्थान की दिशा में भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। यह बैठक भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान का हिस्सा थी, जिसके माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। उन्होंने भी भाजपा की नीतियों और देश के विकास में इसके योगदान पर प्रकाश डाला।
