सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन और इसमें नगर निकायों की भूमिका पर सख्त टिप्पणी की है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की बेंच ने कहा कि कई जगह अधिकारी नियम तोड़ने वालों के साथ मिले हुए हैं। कोर्ट ने सवाल उठाया कि आवासीय इलाकों में होटल, गेमिंग पार्लर, सॉफ्टवेयर कंपनियों और रेस्टोरेंट को मंजूरी कौन दे रहा है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा कि बिल्डिंग प्लान पास कराने, निर्माण के दौरान निरीक्षण से बचने और तोड़फोड़ रुकवाने तक किस स्तर पर कितनी कीमत चुकाई जाती है। कोर्ट ने कहा कि कई बार निरीक्षण तब होते हैं, जब इमारतें बन चुकी होती हैं और नियमों का उल्लंघन हो चुका होता है। भोपाल नगर निगम की रिपोर्ट पर भी सवाल उठे हैं। याचिकाकर्ताओं के वकील विवेक त्रिपाठी के मुताबिक, सोमवार को नगर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश की। स्थानीय रहवासियों ने इस रिपोर्ट पर आपत्ति जताई और कार्रवाई में चुनिंदा लोगों को राहत देने का आरोप लगाया। रहवासियों का कहना है कि कुछ परिसरों को सील करने के बाद दोबारा खोल दिया गया। वे इस मामले में जबलपुर हाईकोर्ट में भी जाने की तैयारी कर रहे हैं। विवेक त्रिपाठी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को होगी। भोपाल में सीलिंग मामले की सोमवार को हुई सुनवाई के बाद मास्टर प्लान के जल्द लागू होने की संभावना बनी है। एक्सपर्ट के मुताबिक, 10 दिसंबर तक मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर ऑनलाइन और ऑफलाइन तरीके से सुनवाई होगी। इसके बाद सरकार 6 जनवरी को होने वाली अगली सुनवाई से पहले मास्टर प्लान लागू कर सकती है। ड्राफ्ट में कई सड़कों पर कमर्शियल एक्टिविटी का प्रावधान है। ऐसे में मास्टर प्लान लागू होने पर इन सड़कों के व्यापारियों को राहत मिल सकती है। हालांकि, यह सरकार के फैसले और मास्टर प्लान के अंतिम स्वरूप पर निर्भर करेगा। भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के दौरान ताले को टेप से चिपकाने का मामला सुर्खियों में रहा था। सीलिंग के बाद परिसर खोलने पर भी सवाल उठा था। सुप्रीम कोर्ट ने 22 सितंबर के आदेश में भोपाल में सीलिंग की कार्रवाई को लेकर एमिकस क्यूरी सीनियर एडवोकेट अजीत कुमार सिन्हा की जानकारी दर्ज की थी। उन्होंने बताया था कि कुछ जगहों पर इमारतों को सील करने के बाद कुछ घंटों या दिनों में ही खोल दिया गया। इस बीच ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ था जिससे सील हटाने का आधार बनता। कोर्ट ने कहा था कि सभी अधिकारियों को बिना भेदभाव कार्रवाई करनी चाहिए। कोर्ट ने चेतावनी दी थी कि यदि चुनिंदा लोगों के खिलाफ कार्रवाई और दूसरों को छूट देने का मामला सामने आया तो वह सख्त रुख अपनाएगा। कोर्ट ने आवासीय उपयोग के लिए तय जमीन पर व्यावसायिक गतिविधियां मिलने पर पहले परिसर सील करने के निर्देश दिए थे। बिना मंजूरी के बने निर्माण पर कानून के मुताबिक सीलिंग या तोड़फोड़ की कार्रवाई करने को भी कहा गया था। सुनवाई से पहले भोपाल में सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि शहर सभी नागरिकों की साझा जगह है, केवल निजी संपत्तियों का समूह नहीं। बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन से सड़कें, ड्रेनेज सिस्टम और ट्रैफिक क्षमता जैसे नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचता है। कोर्ट ने कहा कि सुनियोजित शहरी क्षेत्र बनाए रखने की जिम्मेदारी नागरिकों और नगर निकायों दोनों की है। निजी महत्वाकांक्षाएं सार्वजनिक सीमाओं के भीतर ही होनी चाहिए। इसी सप्ताह नगर निगम ने सीलिंग के नोटिस थमाना शुरू किए थे। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि देशभर में बिल्डिंग नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। कई मामलों में नगर निकायों की मिलीभगत से मंजूर नक्शे से ज्यादा निर्माण होने दिया जाता है। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि अधिकारी इस उम्मीद में कार्रवाई नहीं करते कि राज्य सरकारें आगामी चुनावों से पहले ऐसे निर्माण को नियमित कर देंगी।
समाचार
सुप्रीम कोर्ट: देशभर में अवैध निर्माण पर नगर निगमों की भूमिका पर सवाल
23 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे
सुप्रीम कोर्ट: देशभर में अवैध निर्माण पर नगर निगमों की भूमिका पर सवाल
