नई रेल लाइन का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअली सतना-देवेन्द्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। इस दौरान देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा का भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। आजादी के बाद अब जाकर सीधी जिला रेल नेटवर्क से जुड़ा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले के सरदारपुर से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि नागौद एवं चुरहट रेलवे स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात का दिन है। उन्होंने बताया कि यह रेल परियोजना मध्य प्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लगभग 541 किलोमीटर की इस परियोजना से क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा, जिससे लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता महसूस कर रहे क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को लगभग 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं बेहतर होंगी।
