शीतला माता मंदिर हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत, 42 घायल, मंत्री पहुंचे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ग्वालियर के समीप शीतला माता मंदिर पर हुए एक दुखद सड़क हादसे के बाद कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने ग्वालियर के अस्पताल पहुंचकर घायल श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर सभी घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उनके साथ क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे। मंत्री द्वय और सांसद ने जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचकर उपचाररत सभी घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से चर्चा की। चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने घटना में मृत हुए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। यह हादसा ग्वालियर जिले के सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शनिवार देर रात लगभग 1:30 बजे हुआ। इस दुखद सड़क हादसे में लगभग 42 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि लगभग 42 श्रद्धालु घायल हुए हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। आंतरी की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया। इस दौरान प्रवेश द्वार के पास मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से जयारोग्य चिकित्सालय, ग्वालियर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने तेजी के साथ उनका उपचार प्रारंभ किया। शेष घायलों का उपचार भी जारी है।

