आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में दाखिल की थी याचिका
जबलपुर से उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजीव एस. कालगांवकर की एकलपीठ ने कटनी के बहुचर्चित जमीन घोटाले में बड़ा फैसला सुनाया है। निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के कथित सहयोगी ठेकेदार मारुफ अहमद हनफी को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से झटका लगा है। हनफी पर हत्या के आरोपी रमेश लोधी की जमीन अपने नाम पर रजिस्ट्री कराने का आरोप है। इस मामले में कटनी के कुठला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। हनफी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत आवेदन दाखिल किया था। उसकी ओर से दावा किया गया कि उसे इस मामले में झूठा फंसाया गया है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह, शासकीय अधिवक्ता अमित पाण्डेय और पैनल अधिवक्ता अद्वितीय पराशर अदालत के सामने पेश हुए। सरकार ने आरोपी की अग्रिम जमानत का कड़ा विरोध किया। राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि हनफी के बैंक खाते में पिछले तीन वर्षों से सामान्यतः केवल 3 से 4 हजार रुपए ही रहते थे। लेकिन जिस दिन विवादित जमीन की रजिस्ट्री हुई, उसी दिन उसके बैंक खाते में अचानक 15 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। सरकार ने इस लेनदेन को मामले की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। अभियोजन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस लेनदेन की जांच अभी जारी है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में हनफी और निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के बीच करीब 180 बार बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। यही नहीं, जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए हनफी नेहा पच्चीसिया के ही वाहन से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा था। इन तथ्यों के आधार पर राज्य सरकार ने अग्रिम जमानत का विरोध किया। अभियोजन के इन तर्कों को अदालत ने गंभीरता से लिया। इन तथ्यों और आरोपों पर विचार करने के बाद एकलपीठ ने हनफी को अग्रिम जमानत का लाभ देने से इनकार कर दिया। इसके बाद हनफी की ओर से आवेदन वापस लेने की अनुमति मांगी गई। अदालत ने आवेदन वापस लिए जाने के आधार पर उसे खारिज कर दिया।
