फूडरा में सामुदायिक भवन निर्माण की राह में दबंग अतिक्रमणकर्ता रोड़ा बने हुए हैं। ग्राम वासियों ने आष्टा एसडीएम के बाद सीहोर कलेक्टर से शिकायत की है और अतिक्रमणकर्ताओं से सख्ती से शासकीय भूमि मुक्त कराने की मांग की है। फुड़रा की शासकीय भूमि पर दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है। ग्राम पंचायत ने इसी भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा है। यह भूमि ग्रामीणों के सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए जरूरी मानी जा रही है। ग्राम वासियों और पंचायत ने जावर तहसीलदार और आष्टा अनुभागीय अधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। पत्र में सरकारी भूमि को अवैध कब्जे और अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद इस मामले में अब तक दबंगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई न होने से दबंगों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का विरोध करने वाले ग्राम वासियों को मारपीट की धमकी दी जा रही है। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और पंचों को भी अतिक्रमणकर्ता डरा-धमका रहे हैं। सामुदायिक भवन नहीं बनने और अतिक्रमणकर्ताओं की दादागिरी से परेशान फुड़रा के ग्राम वासियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर प्रेम नारायण को ज्ञापन दिया। ग्राम वासियों ने बताया कि ग्राम पंचायत के माध्यम से खसरा नंबर 358/1/1 एवं 358/1/2 पर कथित अवैध कब्जा किया गया है। भूमि को अवैध रूप से बेचने की शिकायत भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से की गई है। ग्रामीणों ने जिन कब्जाधारियों के नाम लिए उनमें जीवन सिंह, ज्ञान सिंह, कल्याण सिंह, धीरज सिंह, राजेंद्र सिंह और महेंद्र सिंह शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन पर अब तक प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। भूमि सामुदायिक भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायत द्वारा चयनित की गई है। अतिक्रमण के कारण जनहित का यह कार्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी विवाद के दौरान अतिक्रमणकारियों ने गाली-गलौज, अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था। ग्रामीणों के अनुसार गांव में कभी भी कोई गंभीर वारदात अतिक्रमणकारी अंजाम दे सकते हैं। इसी डर के कारण लोग खुलकर विरोध करने से हिचक रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग दोहराई। ग्राम पंचायत फूडरा और ग्राम वासियों ने कलेक्टर बाला गुरु से तहसीलदार जावर और अनुविभागीय अधिकारी को राजस्व अमले सहित मौके पर भेजने की मांग की है। उनकी मांग है कि निष्पक्ष जांच हो और शासकीय भूमि का सीमांकन कराया जाए। अतिक्रमणकारियों को भूमि से हटाने की मांग भी की गई है। ग्रामीणों ने सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक भवन निर्माण कराने की भी मांग रखी है। ज्ञापन देने वालों में रूप सिंह, पंकज, दीपक, महेश, मानसिंह, राहुल, अरविंद, राज कपूर, जगदीश, रीना बाई, मंजू बाई, हेमलता बाई और शिलाबाई शामिल रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में ग्राम वासी भी ज्ञापन सौंपने पहुंचे।
समाचार
फूडरा में दबंग अतिक्रमणकर्ता सामुदायिक भवन में बने रोड़ा
26 नवंबर 2026 को 11:23 pm बजे
फूडरा में दबंग अतिक्रमणकर्ता सामुदायिक भवन में बने रोड़ा
