निर्माणाधीन गौशालाएं दीपावली तक पूरी होंगी, संचालन शुरू होगा
भोपाल: कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत बरखेड़ी अब्दुल्ला स्थित सुरभि गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम भोपाल के आयुक्त और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी मौजूद रहीं। कलेक्टर ने गौशाला की व्यवस्थाओं और संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पंचायत भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायतों बालमपुर, सूखीसेवनिया और डोब का भ्रमण कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन गौशालाओं का निरीक्षण किया और कहा कि निर्माण कार्य दीपावली तक पूर्ण कर उनका संचालन प्रारंभ किया जाए। तिवारी ने ग्रामों में स्वच्छता व्यवस्था, खेत-तालाब निर्माण कार्यों और विद्यालय का भी निरीक्षण किया। पेंशन प्राप्त करने में हितग्राहियों को आ रही समस्याओं का संज्ञान लेकर उनका त्वरित निराकरण कराया गया।

