यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत एंट्री जरूरी, कुपोषित बच्चों की निगरानी के निर्देश
जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने सिविल अस्पताल महिदपुर की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) को शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उज्जैन में 23 अक्टूबर को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह राजपूत और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने एनबीएसयू, प्रसवोत्तर वार्ड (पीएनसी), पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) और वार्ड-16 में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण की जानकारी यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एनआरसी के निरीक्षण में कुपोषित बच्चों की नियमित जांच कर गंभीर स्थिति वाले बच्चों को जरूरत के अनुसार भर्ती कराने को कहा गया। बच्चों के उपचार, पोषण और देखभाल के साथ उनकी नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

