उज्जैन में गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर सोमवार शाम करीब 4 बजे सिख समाज ने नगर कीर्तन निकाला। यह फ्रीगंज के गुरुद्वारा सुखसागर साहिब से शुरू हुआ और दूधतलाई के गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा तक पहुंचा। इसमें 30 हजार संख्या में सिख समाज के लोग और श्रद्धालु शामिल हुए। फूलों से सजी गुरु महाराज की पालकी साहिब के दर्शन के लिए जगह-जगह संगत जुटी। अमृतसर और दिल्ली से आए रागी जत्थों ने शबद कीर्तन किया। इससे पहले फ्रीगंज गुरुद्वारे में सुबह से दीवान सजा। बाहर से आए रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन किया और गुरु नानक देवजी के जीवन व शिक्षाओं के बारे में बताया। लंगर के बाद नगर कीर्तन शुरू हुआ। सिख समाज के लीगल एडवाइजर अस्तान सिंह छाबड़ा और सरदार सुरेंद्र सिंह टुटेजा ने बताया कि सभी गुरुद्वारों से निकली प्रभात फेरियों का रविवार को गुरु नानक घाट पर नगर कीर्तन के साथ समापन हुआ था। प्रवक्ता एसएस नारंग ने बताया कि मुख्य प्रकाश पर्व 24 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु नानक घाट पर मनाया जाएगा। सुबह 9 बजे अखंड पाठ की समाप्ति होगी। सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक गुरबाणी कीर्तन और गुरमत विचार होंगे। रात 9 से 11 बजे तक कीर्तन, गुरबाणी विचार, दीपमाला और आतिशबाजी होगी। कार्तिक पूर्णिमा पर सभी धर्मों के 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क लंगर रखा जाएगा। समाज ने श्रद्धालुओं से आयोजन के दौरान सफाई बनाए रखने की अपील की है। सड़क पर चाय-नाश्ते के कप-प्लेट नहीं फेंकने की भी अपील की गई है।
समाचार
उज्जैन में गुरु नानक प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन, फूलों से सजी पालकी के दर्शन को जुटी संगत
23 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे

उज्जैन में गुरु नानक प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन, फूलों से सजी पालकी के दर्शन को जुटी संगत
साझा करेंWhatsApp
