शाह को पीएम मोदी और नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 22 अक्टूबर को जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास अंदाज में बधाई दी। मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शाह के कार्यों की तारीफ की और उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कई नेताओं ने भी अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में कहा कि अमित शाह की प्रशासनिक समझ ने देश की आंतरिक सुरक्षा को और प्रभावी बनाया है। माओवाद के खतरे को समाप्त करने और नशामुक्त समाज के सपने को आगे बढ़ाने में उनकी सफलताएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि अमित शाह को लोगों की सेवा में लंबा और स्वस्थ जीवन मिले। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शाह को बधाई देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनके साथी अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने के लिए पूरे मनोयोग से काम कर रहे हैं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा में निरंतर सक्रियता की ईश्वर से कामना की।
