भारी मात्रा में जब्त
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्य प्रदेश पुलिस अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में नीमच और धार जिलों में पुलिस ने आठ खेतों में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान 34 क्विंटल से अधिक गांजे के 52 हजार हरे पौधे जब्त किए गए। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 89 लाख 49 हजार रुपए है। दोनों जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल आठ मामले दर्ज किए गए हैं। नीमच जिले में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में 16 अक्टूबर को थाना कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा की पुलिस टीमों ने ड्रोन की सहायता से संदिग्ध क्षेत्रों की हवाई निगरानी की। मौके पर पहुंचकर भौतिक रूप से सघन सर्चिंग के बाद चार अलग-अलग खेतों में पत्थरों की ऊंची घेराबंदी और मक्का की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती का पता चला। पुलिस टीमों ने 51 हजार हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 27.95 क्विंटल है। इनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। संबंधित भूमि स्वामियों और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज किए गए हैं। धार जिले में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत पुलिस ने ग्राम बोहारला, चौकी उमरबन क्षेत्र में 16 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना पर तीन पुलिस टीमों के साथ अलग-अलग खेतों में कार्रवाई की। कपास एवं तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे 1,223 हरे गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 1,621.98 किलोग्राम था। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 43 लाख रुपए है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसी प्रकार ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत धार जिले में एक अन्य कार्रवाई में थाना बाग और पुलिस चौकी डेहरी की टीम ने ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा स्थित खेत में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। 17 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत में सर्चिंग की। इनकी अनुमानित कीमत 66 लाख 99 हजार रुपए है।

