पुलिस ने आरोपी की मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली, उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली और अंबाला की मिली थी
एमपी के किशनगंज शहर में एरोड्रम क्षेत्र में पिता और बहन की दोहरी हत्या को अंजाम देने वाला फरार आरोपी हर्ष यादव पुलिस को लगातार चकमा दे रहा है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में हर पहलू पर काम कर रही हैं। इस बीच यह बात सामने आई है कि आरोपी ने हत्याकांड से चार-पांच महीने पहले अपने दोस्तों से बातचीत और संपर्क लगभग बंद कर दिया था। पुलिस ने आरोपी की मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली है। उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली और अंबाला की मिली थी। पुलिस के अनुसार कालानी नगर स्थित फ्लैट में बहन हर्षिता यादव और हातोद इलाके में पिता राजू यादव की हत्या की गई थी। इस मामले में हर्ष यादव फरार है। पुलिस टीमें आरोपी की लोकेशन के आधार पर लगातार उसका पीछा कर रही हैं। लेकिन आरोपी चालाकी से अपनी लोकेशन बदल रहा है। पुलिस ने दिल्ली के बाद अंबाला (पंजाब) में भी स्थानीय पुलिस की मदद से कई स्थानों पर पड़ताल की है। अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। पकड़े गए नाबालिग साथी ने पुलिस को कई जानकारियां दी हैं। पुलिस ने आरोपी के दोस्तों की जानकारी निकालकर उनसे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने दोस्तों से भी चार-पांच महीने से संपर्क तोड़ दिया था। इससे साफ है कि हर्ष ने करीब पांच महीने पहले ही पिता राजू और बहन हर्षिता की हत्या का षड्यंत्र रच लिया था। आरोपी ने रिश्तेदारों से मिलना-जुलना भी कम कर दिया था। यह भी पता चला है कि शराब के नशे में वह कहता था कि सब कुछ खत्म कर देगा। आरोपी चाइनीज फूड बनाने का काम भी करता था। पुलिस को शक है कि वह किसी होटल या ढाबे पर काम कर सकता है। एरोड्रम क्षेत्र में हाल ही में संपत्ति विवाद में बेटे ने पहले पिता की हत्या की, फिर सगी बहन का गला घोंटकर दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। ऐसी यह अकेली घटना नहीं है। पारिवारिक या संपत्ति विवाद में शहर में पहले भी 'रिश्तों के कई कत्ल' हो चुके हैं। पिछले एक-दो साल में किशनगंज और आसपास में पारिवारिक विवाद, संपत्ति और पैसों को लेकर कई हत्याकांड सामने आए हैं। इन मामलों में कातिल बाहर का नहीं, बल्कि घर का ही सदस्य निकला। इससे पहले 11 नवंबर को राऊ इलाके की साई विहार कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। आरोपी पवन सोनी ने चाकू से पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। जांच में सामने आया कि पत्नी की एक युवक से बातचीत को लेकर दंपती में विवाद चल रहा था। पुलिस ने उस युवक के खिलाफ भी आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। पिछले महीने किशनगंज क्षेत्र के विश्वास नगर में घरेलू विवाद में गुस्साई पत्नी ने पति की हत्या कर दी थी। घर में राशन और गैस सिलेंडर नहीं होने को लेकर दंपती के बीच विवाद शुरू हुआ था। यह विवाद हत्या में बदल गया। इस दौरान आरोपी पत्नी सपना ने मोगरी से पति कालू पर ऐसा हमला किया कि उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर अंदरूनी चोटों की पुष्टि के बाद पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया। कुछ समय पहले कनाडिया थाना इलाके में शंका और पारिवारिक झगड़े में आरोपी पति ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने दोनों बच्चों, बेटी और बेटे, को तालाब में फेंक दिया था। झलारिया क्षेत्र में हुई इस घटना में तालाब में डूबने से 10 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। आरोपी की 8 वर्षीय बेटा तालाब से बच निकला था। उसने मरने का नाटक किया और पिता के जाने के बाद तालाब से निकलकर भागा। बच्चा सीधे पुलिस तक पहुंच गया। बालक की सूचना पर पुलिस ने आरोपी पिता को झलारिया से गिरफ्तार कर लिया था। यह घटना पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते हिंसक विवादों की गंभीर तस्वीर पेश करती है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और फरार हर्ष यादव की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के ठिकाने तक पहुंचने के लिए हर संभावित स्थान की पड़ताल की जा रही है।

