भोपाल और राजस्थान के बीच रेल संपर्क मजबूत होने वाला है, जिससे आने वाले समय में यात्रियों का सफर आसान होगा। रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना पूरी होने पर भोपाल से कोटा और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए नया रेल मार्ग उपलब्ध होगा। इस परियोजना से सफर में लगभग तीन घंटे तक की बचत होने की संभावना है। ब्यावरा-झालावाड़ मार्ग की तुलना में नया रेल मार्ग करीब 42 किलोमीटर छोटा होगा। पश्चिम मध्य रेल की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लंबाई 276.50 किलोमीटर है। यह परियोजना मध्य प्रदेश और राजस्थान के पांच जिलों भोपाल, सीहोर, झालावाड़, राजगढ़ और कोटा को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। भोपाल, सीहोर और राजगढ़ जिले के आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे नौकरी, व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के लिए आने-जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। मालगाड़ियों के लिए भी नया मार्ग उपलब्ध होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत भोपाल मंडल के हिस्से में 111 किलोमीटर रेल लाइन और 12 स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें अब तक निशातपुरा डी केबिन से कुरावर, ब्यावरा-राजगढ़-सोनकच्छ और सोनकच्छ- नरसिंहगढ़ तक कुल 89 किलोमीटर रेलखंड का काम पूरा हो चुका है। वर्ष 2026 में भोपाल मंडल के तीन रेलखंडों का काम पूरा कर उन्हें कमीशन किया गया है। इनमें श्यामपुर-कुरावर के बीच 15 किलोमीटर, ब्यावरा- सोनकच्छ के बीच 24.50 किलोमीटर और सोनकच्छ- नरसिंहगढ़ के बीच 13 किलोमीटर रेल लाइन शामिल है। इस तरह इस साल कुल 52.50 किलोमीटर नई रेल लाइन शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
समाचार
भोपाल-कोटा सफर होगा छोटा, बचेंगे तीन घंटे
23 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे

भोपाल-कोटा सफर होगा छोटा, बचेंगे तीन घंटे
