नोहटा में प्लास्टिक बॉल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें भाग लेंगी
नोहटा में संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने गृह ग्राम नोहटा में प्लास्टिक बॉल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट (एनपीएल नोहटा) का भव्य शुभारंभ किया। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता लगातार 20 दिनों तक खेली जाएगी। टूर्नामेंट के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला पुलिस-11 और भूपेश-11 के बीच हुआ। पुलिस-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवरों में 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भूपेश-11 की टीम 45 रन ही बना सकी। इस तरह पुलिस-11 ने शानदार जीत दर्ज की। मैच में पुलिस-11 के खिलाड़ी पायलट साहिल खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मुकाबला टीम डीएसएल और गणेशपुरम के बीच खेला गया। गणेशपुरम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवरों में 112 रन बनाए। जवाब में टीम डीएसएल 95 रन ही बना सकी। इस तरह गणेशपुरम ने 17 रनों से जीत हासिल की। शानदार प्रदर्शन के लिए पुनीत राजपूत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। शुभारंभ अवसर पर बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन के मिमिक्री आर्टिस्ट अमिताभ प्रजापति ने भोपाल से आकर शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति का उपस्थित खेल प्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया।
संपूर्ण आयोजन की व्यवस्थाओं का दायित्व निखिल लोधी एवं उनकी टीम संभाल रही है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
