भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की समिति में मृत्युदंड के क्रियान्वयन पर रोक लगाने से जुड़े प्रस्ताव का विरोध किया है। यह प्रस्ताव मेक्सिको ने पेश किया था। प्रस्ताव के पक्ष में 133 देशों ने मतदान किया, जबकि 33 देशों ने इसका विरोध किया। 16 देश मतदान से दूर रहे। भारत ने भी इस प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया। यह पहला अवसर नहीं है, जब भारत ने ऐसे प्रस्ताव का विरोध किया हो। 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने मृत्युदंड पर रोक से जुड़ा पहला प्रस्ताव पारित किया था। उसके बाद 2024 तक हर अवसर पर भारत ने ऐसे प्रस्तावों के विरोध में अपना मत दर्ज कराया है। भारत में मृत्युदंड खत्म करने का प्रश्न स्वतंत्रता के बाद से ही विधायी और संवैधानिक चर्चा का विषय रहा है। स्वतंत्रता के तत्काल बाद भारतीय दंड संहिता की धारा-53 में संशोधन कर मृत्युदंड समाप्त करने से जुड़ा एक विधेयक गृह मंत्रालय की स्थायी सलाहकार समिति के पास भेजा गया था। विधेयक खारिज होने के बाद संविधान सभा के सदस्य जेडएच लारी ने संविधान में नया अनुच्छेद 11-बी जोड़ने का संशोधन रखा। इसमें हिंसा के प्रयोग से जुड़े राजद्रोह को छोड़कर मृत्युदंड समाप्त करने का प्रस्ताव था। अमियो कुमार घोष सैद्धांतिक रूप से मृत्युदंड समाप्त करने के पक्ष में थे, लेकिन इसे संविधान में शामिल करने के विरोध में थे। घोष का तर्क था कि ऐसा प्रावधान संविधान में शामिल होने से राज्य के हाथ बंध जाएंगे। इससे भविष्य में परिस्थितियों के अनुसार मृत्युदंड देने का विकल्प नहीं बचेगा। दूसरी ओर के. हनुमंथैया ने लारी के संशोधन का विरोध किया। उनके अनुसार समाज केवल अपराधी के सुधार पर नहीं चलता, दंड का भय भी अपराध नियंत्रण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन परिस्थितियों में राज्य की सुरक्षा और समाज की स्थिरता के लिए मृत्युदंड समाप्त करना उचित नहीं था। अंततः लारी का संशोधन मतदान में अस्वीकृत हो गया। इसके बाद भी वर्ष 1952 से 1962 के बीच इस उद्देश्य से संसद में छह अवसरों पर पहल की गई। इन पहलों के बाद मृत्युदंड के प्रश्न को विधि आयोग के विचारार्थ भेजा गया। विधि आयोग ने 1967 में अपनी 35वीं रिपोर्ट ‘कैपिटल पनिशमेंट’ प्रस्तुत की। आयोग ने स्पष्ट किया कि भारत मृत्युदंड समाप्त करने का प्रयोग करने का जोखिम नहीं उठा सकता। मृत्युदंड के औचित्य पर आयोग ने कहा कि इसका निवारक उद्देश्य सबसे महत्वपूर्ण है। यही उसके पक्ष में सबसे मजबूत तर्क माना गया। आयोग ने भारतीय परिस्थितियों में मृत्युदंड बनाए रखने की सिफारिश की। मृत्युदंड पर भारत में प्राचीन काल से गंभीर चिंतन होता रहा है। महाभारत के शांतिपर्व में राजा द्युमत्सेन और उनके पुत्र सत्यवान के बीच इस विषय पर संवाद मिलता है। राजा द्युमत्सेन के आदेश पर कुछ अपराधियों को मृत्युदंड देने के लिए लाया गया, तब सत्यवान ने इसका विरोध किया। सत्यवान ने कहा कि कभी धर्म अधर्म का रूप ले लेता है और अधर्म धर्म का, किंतु किसी प्राणी की हत्या को धर्म नहीं कहा जा सकता। द्युमत्सेन ने अपराधियों को दंडित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर समाज में अव्यवस्था फैल जाएगी। इमैनुएल कांट ने अपनी पुस्तक ‘द मेटाफिजिक्स आफ मारल्स’ में प्रतिशोधात्मक न्याय की अवधारणा प्रस्तुत की। उन्होंने लिखा कि यदि किसी ने हत्या की है, तो उसे मृत्युदंड दिया जाना चाहिए। न्याय की पूर्ति के लिए इसका कोई विकल्प नहीं हो सकता। कांट के अनुसार दंड का आधार केवल सुधार या भविष्य में अपराध रोकना नहीं, बल्कि अपराध के अनुरूप न्याय सुनिश्चित करना भी है। मैथ्यू एच. क्रेमर ने ‘द एथिक्स आफ कैपिटल पनिशमेंट’ पुस्तक में मृत्युदंड के नैतिक औचित्य का विश्लेषण किया है। उनके अनुसार कुछ जघन्य अपराध पीड़ित के साथ-साथ समाज के नैतिक मूल्यों को भी गहरी क्षति पहुंचाते हैं। ऐसे अपराधों के प्रति समाज की नैतिक अस्वीकृति भी दंड के औचित्य से जुड़ा एक पक्ष है। सर्वोच्च न्यायालय ने ‘बचन सिंह बनाम पंजाब राज्य’ (1980) के निर्णय में इस विचार को रेखांकित किया। अदालत ने कहा कि कुछ अपराध इतने जघन्य होते हैं कि समाज उनके लिए कठोरतम दंड की अपेक्षा करता है। अपराधी अपने कृत्य के अनुरूप दंड का अधिकारी होता है। यही विचार भारतीय न्याय परंपरा में न्याय और सामाजिक सुरक्षा की समझ से जुड़ा है। भारत की न्यायिक व्यवस्था ने मृत्युदंड को सामान्य दंड के रूप में स्वीकार नहीं किया है। इसे केवल ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ मामलों तक सीमित रखा गया है। यह सिद्धांत बताता है कि जब अपराध की गंभीरता और परिस्थितियां आजीवन कारावास को अपर्याप्त बना दें, तब मृत्युदंड न्याय की अंतिम अभिव्यक्ति बनता है। इसी संतुलन पर इस बहस का निष्कर्ष टिका है।
समाचार
भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की समिति में मृत्युदंड पर रोक के प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया
26 नवंबर 2026 को 11:22 pm बजे
