उज्जैन में गैंगवार: डोरेमॉन का साथ छोड़ने पर स्कॉर्पियो फोड़ी, पुलिस ने चार पर किया केस दर्ज
उज्जैन के मोहननगर में गैंगवार से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुर्लभ कश्यप गैंग के सदस्य डोरेमॉन के साथ रहने वाले शिवम के पिता की घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो को अनमोल गुर्जर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर बुरी तरह तोड़ दिया। बदमाशों ने न केवल गाड़ी के शीशे फोड़े, बल्कि धमकी देकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर गाड़ी को नुकसान पहुंचाते दिख रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। यह घटना मोहननगर निवासी मदनलाल के साथ हुई, जो एक हेयर सैलून संचालक हैं। उनकी स्कॉर्पियो (एमपी 13 ज़ेडएल 5520) घर के बाहर खड़ी थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अनमोल गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसने मदनलाल के बेटे शिवम को आवाज लगाई। शिवम के बाहर आते ही अनमोल ने उससे दुर्लभ कश्यप गैंग के बदमाश डोरेमॉन का साथ छोड़ने की धमकी दी।

