पटवारी शुक्रवार शाम 4 बजे फूटी कोठी चौराहे पहुंचकर सब्जी विक्रेताओं के साथ खड़े होंगे
मंडी में फूटी इंदौर चौराहे पर सब्जी विक्रेताओं की दुकानों को लेकर विवाद अब और गहरा गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी इस विवाद में मैदान में उतरेंगे। वे शुक्रवार शाम 4 बजे फूटी कोठी चौराहे पहुंचेंगे। यह कदम व्यापारियों के समर्थन में चल रहे कांग्रेस के आंदोलन को नई दिशा दे सकता है। यहां पटवारी सब्जी विक्रेताओं के साथ खड़े होकर फ्लाईओवर के नीचे दुकानें लगवाने का ऐलान कर चुके हैं। वे खुद मौके पर मौजूद रहकर दुकानें लगवाने की बात कह रहे हैं। कांग्रेस इसे प्रभावित व्यापारियों के समर्थन में अपनी सक्रिय भागीदारी के तौर पर पेश कर रही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने इस मामले में नगर निगम के कदम पर सवाल उठाए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि नगर निगम ने कोठी चौराहे के पास लगने वाली सब्जी मंडी के विक्रेताओं को हटाने के लिए कहा है। निगम ने विक्रेताओं को चंदन नगर के पास दुकानें लगाने का निर्देश दिया है। इससे व्यापारियों को काफी दूर जाना पड़ेगा। चौकसे के अनुसार इससे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। चौकसे का आरोप है कि कार्रवाई से पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सब्जी मंडी को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे शिफ्ट करने की घोषणा की थी। लेकिन अब निगम अपनी ही घोषणा से पीछे हट रहा है। इसी वजह से कांग्रेस ने निगम पर वादा तोड़ने का आरोप लगाया है। विवाद के बीच विक्रेताओं में भी नाराजगी बढ़ती दिख रही है। सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में आवाज उठाने वाले कांग्रेस नेताओं पर भी कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को इस मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। चौकसे ने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को जेल भेज दिया गया है। कांग्रेस का कहना है कि व्यापारियों के हित में आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई से आंदोलन और तेज होगा। पटवारी ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर भी उठाया था। बुधवार को नगर निगम की रिमूवल टीम और पुलिस ने फ्लाईओवर के नीचे लगी सब्जी की दुकानों को हटाने की कार्रवाई की थी। विरोध करने पर नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, समाजसेवी प्रहलाद पांडे सहित अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान हुए घटनाक्रम के कुछ वीडियो पटवारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए थे। इन वीडियो के जरिए उन्होंने विक्रेताओं की स्थिति सामने रखने की कोशिश की। अब शुक्रवार को पटवारी खुद मंडी पहुंचकर सब्जी विक्रेताओं के साथ दुकानें लगवाने के लिए खड़े होंगे।

