आरोपी प्रदीप कुर्मी (26) को पुलिस ने चोरी का मोबाइल, बाइक और सब्बल के साथ पकड़ा
सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में आर्मी कैंप के अंदर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप पिता पुरुषोत्तम कुर्मी (26) निवासी उदयपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और लोहे का सब्बल जब्त किया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से थाने में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात को आर्मी कैंप के एनसीओ एकेडमी परिसर में स्थित यूनियन बैंक की शाखा में चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी। आरोपी ने बैंक की खिड़की की ग्रिल को काटा और अंदर घुस गया। उसने लोहे के सब्बल से कैश वॉल्ट का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वॉल्ट को खोलने में नाकाम रहा। इसके बाद, उसने बैंक में रखे एक मोबाइल फोन को चुरा लिया और वहां से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी दिखाई दिया, लेकिन उसने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और उसकी पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर, पुलिस ने बुधवार को संदेही प्रदीप कुर्मी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, प्रदीप कुर्मी ने बैंक शाखा में चोरी के प्रयास की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल, वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई बाइक और लोहे का सब्बल बरामद किया है।

