राज्यपाल ने टीबी उन्मूलन के साथ नशा मुक्त भारत अभियान को एकीकृत करने का सुझाव दिया
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'नशा मुक्त भारत अभियान' चलाया जा रहा है, जो 'स्वस्थ भारत-सशक्त भारत और विकसित भारत' के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीबी उन्मूलन के प्रयासों के साथ-साथ नशा मुक्त भारत अभियान को भी जोड़ा जाना चाहिए। राज्यपाल ने नशे के मरीजों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को इसके आर्थिक, सामाजिक और मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को घर से ही नशे से दूर रहने के संस्कार दें, उन्हें संयमित जीवन, पौष्टिक आहार और समुचित उपचार का व्यावहारिक महत्व समझाएं। राज्यपाल पटेल बुधवार को एमपी स्टेट टीबीएसोसिएशन के 77वें टीबीसील अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे। राज्यपाल पटेल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान में मरीजों की जांच, उपचार और निगरानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रत्येक रोगी तक सही जानकारी, दवाइयां और पौष्टिक आहार की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। चेयरमैन सचदेव ने टीबीसील अभियान और नवाचारों की जानकारी दी।
डॉ. अभिजीत देशमुख ने आभार व्यक्त किया
