सीहोर जिले के आष्टा विकासखंड के कृषक देवकरण ठाकुर को 1.50 हेक्टेयर में अमरूद की खेती के लिए 60,000 रुपये का अनुदान मिला
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा विकासखंड के ग्राम पाडलिया के प्रगतिशील कृषक देवकरण ठाकुर ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती में एक नई मिसाल कायम की है। उद्यानिकी विभाग की एमआईडीएच योजना के तहत उन्हें वर्ष 2023-24 में फल क्षेत्र विस्तार (अमरूद) घटक पर लाभ मिला। शासन ने उन्हें 1.50 हेक्टेयर में अमरूद की खेती के लिए 60,000 रुपये का अनुदान दिया, जिसने उनकी किसानी की दिशा बदल दी। पारंपरिक फसलों की तुलना में बागवानी अपनाने के बाद देवकरण ठाकुर की आर्थिक स्थिति में अभूतपूर्व सुधार आया है। योजना से जुड़ने से पहले वे गेहूं की फसल उगाते थे, जिससे उन्हें 80 क्विंटल उपज मिलती थी। 70,000 रुपये की लागत पर उन्हें 1,30,000 रुपये की शुद्ध आय प्राप्त होती थी। वहीं, एमआईडीएच योजना के सहयोग से अमरूद (स्-49 प्रजाति) की बागवानी अपनाने के बाद वर्ष 2026-27 में उन्हें 220 क्विंटल की कुल उपज मिली। इस आधुनिक और लाभकारी बागवानी में उनकी कुल लागत 1,25,000 रुपये आई। कुल लागत 1,25,000 रुपये के एवज में उन्हें 5,50,000 रुपये की कुल आय हुई। तमाम खर्च निकालने के बाद उन्हें सीधे तौर पर 4,25,000 रुपये की शानदार शुद्ध आय प्राप्त हुई।
