पुलिस कर रही जांच
उज्जैन के दूधतलाई स्थित होटल जय जगदीश में मंगलवार रात एक नाबालिग लड़की के साथ युवक के पकड़े जाने से हड़कंप मच गया। सूचना पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और उन्होंने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक की पहचान शाजापुर निवासी मोइन के रूप में हुई। पुलिस ने लड़की के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को सूचना मिली थी कि होटल के कमरा नंबर 303 में एक नाबालिग लड़की मौजूद है। इस सूचना पर मंच के कार्यकर्ता, जिनमें अर्जुन सिंह भदौरिया, राहुल सिसोदिया, सौरभ तंवर, मनोज जाट, प्रतीक मिश्रा और पुजारी अनिमेष अंगद द्विवेदी शामिल थे, होटल पहुंचे। संगठन का दावा है कि युवक ने पहले अपनी सही पहचान नहीं बताई, लेकिन आधार कार्ड देखने पर उसका नाम मोइन सामने आया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को थाने ले जाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि पकड़ा गया युवक मोइन पहले से शादीशुदा है और उसके मोबाइल में अन्य लड़कियों के संपर्क भी मिले हैं। इसके अलावा, उन्होंने यह भी दावा किया कि युवक के पास से गांजा और गोगो नामक नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग लड़की पिछले तीन दिनों से गरबा कार्यक्रमों में जा रही थी। उसने बताया कि वह आस्था और राजाराम में गरबा करने गई थी। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी अर्जुन सिंह भदौरिया ने दावा किया कि युवक भी इन दौरान नाबालिग के साथ गरबा करने गया था। उज्जैन गेट थाना प्रभारी नरेंद्र बहादुर परिहार के अनुसार, पुलिस को होटल में एक नाबालिग लड़की के रुके होने और उसके साथ एक युवक के आने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी ने युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
