पुलिस ने इसके बाद जांच शुरू की। थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस इस फ्रॉड गैंग के मुख्य सरगना और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती और उज्जैन दर्शन की बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का मामला सामने आया है। महाकाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 22 वर्षीय निशांत पुत्र नीरज शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद आरोपी को 25 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी निशांत ने कमीशन के लालच में गिरोह का हिस्सा बनने के चौंकाने वाले खुलासे किए। निशांत के अनुसार वह तीन महीने पहले उज्जैन दर्शन के लिए आया था। भस्म आरती का पास नहीं मिलने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। उस व्यक्ति ने 1,000 रुपये लेकर उसे दर्शन कराए। इसके बाद उसी व्यक्ति ने निशांत को हर बुकिंग पर कमीशन देने का लालच दिया। उसने निशांत से कहा कि वह अपने मोबाइल नंबर के साथ सोशल मीडिया पर भस्म आरती बुकिंग की रील अपलोड करे। निशांत ने लालच में आकर इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर रील डाल दी। रील देखकर श्रद्धालु उससे संपर्क करने लगे। गिरोह द्वारा एक व्यक्ति से 5,000 रुपये तक वसूले जाते थे। दो या अधिक लोग होने पर प्रति व्यक्ति 2,000 से 5,000 रुपये के बीच वसूली की जाती थी। श्रद्धालुओं द्वारा ऑनलाइन भेजी जाने वाली रकम सीधे मुख्य दलालों के खाते में जाती थी। इस तरह आम श्रद्धालु ठगी का शिकार बनते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह के कुछ साइबर एक्सपर्ट रेलवे के तत्काल टिकट की तर्ज पर भस्म आरती की बुकिंग कर रहे हैं। मंदिर समिति की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग खुलते ही ये लोग कंप्यूटर और मोबाइल के जरिए एक साथ लॉट में पास बुक कर लेते हैं। इससे आम श्रद्धालु पास से वंचित रह जाते हैं। मजबूरन वे दलालों के झांसे में आ जाते हैं। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा इस तरह की कोई सूचना जारी नहीं की जाती है। सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद महाकाल थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया।

