सीहोर गंज क्षेत्र में अमृत योजना के तहत बनी पानी की टंकी टेस्टिंग के दौरान ही जगह-जगह से लीक होने लगी। शनिवार सुबह टंकी में पानी भरकर जांच की गई तो कई जगहों से पानी तेजी से बहने लगा, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। टंकी की लागत करीब 75 लाख रुपए बताई गई है। अमृत 2.0 के तहत शहर के अलग-अलग वार्डों में आधा दर्जन से अधिक पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इन पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य शहरवासियों को पीने और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना है। गंज क्षेत्र में बनी टंकी की क्षमता 13 लाख लीटर बताई गई है। आरोप हैं कि इसके निर्माण में घटिया सामग्री और खराब गुणवत्ता वाले काम का इस्तेमाल हुआ है। तय समय सीमा बीतने के बाद भी टंकी का काम अधूरा बताया जा रहा है। टेस्टिंग के दौरान टंकी से पानी बहने के वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नगरपालिका के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने इसे सरकारी धन की बर्बादी बताते हुए ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। नगरपालिका में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि परियोजनाओं में घटिया निर्माण हो रहा है और अधिकारियों की मनमानी चल रही है। नगरपालिका के सहायक यंत्री विजय कोली ने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण पानी बहा था। टंकी के अंदर और बाहर वाटर प्रूफिंग कराई जाएगी। इसके बाद दोबारा टेस्टिंग की जाएगी। हालांकि, टंकी में पानी भरते ही जगह-जगह से लीकेज होने की स्थिति ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाचार
अमृत योजना की पानी की टंकी लीक
25 अक्टूबर 2026 को 11:53 pm बजे
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया
