बघेलान थाना क्षेत्र में युवक को चाकू मारकर बंधक बनाने और पचास हजार रुपए की फिरौती मांगने का आरोप, परिजनों ने पकड़ा आरोपी
सतना जिले के बघेलान थाना क्षेत्र में एक युवक को चाकू मारकर अगवा करने और बंधक बनाकर पांच हजार रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात युवक अपनी एजेंसी से घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और पैर में चाकू मार दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक को सतरी के एक बगीचे में ले गए और वहां बंधक बना लिया। इसके बाद उसे छोड़ने के बदले पचास हजार रुपए की फिरौती मांगी गई और परिजनों को फोन किया गया। सूचना मिलने पर परिजन बताई गई जगह पर पहुंचे। उन्होंने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी भाग गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान पुलिस आरक्षक विवेक सिंह के रूप में हुई है। उसके पास से चाकू, आईकार्ड और बाइक बरामद हुई है। आरोपी विवेक सिंह एसपी के स्पेशल दस्ते सुपर-30 में तैनात है। जानकारी के अनुसार टिकुरिया माधवगढ़ के निवासी ऋषभ सिंह अड़तीस वर्ष टोयोटा एजेंसी में सुपरवाइजर हैं। उनके पिता नरेंद्र बहादुर सिंह पेशे से एडवोकेट हैं। चाकू लगने से घायल ऋषभ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता नरेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक, बुधवार रात उनका बेटा एजेंसी में बालू का ट्रक खाली कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब दो बजे डी पॉल स्कूल, माधवगढ़ के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया और पैर में चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपी उसे बाइक से सतरी ले गए और एक बगीचे में बंधक बना लिया। आरोपियों ने फोन कर परिजनों से पचास हजार रुपए की फिरौती मांगी। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर विवेक सिंह को पकड़ लिया। पिता का कहना है कि उनका बेटा आरोपियों को पहले से नहीं जानता था। उन्हें आशंका है कि लूट और पैसे वसूलने के मकसद से वारदात की गई। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। पुलिस ने गुरुवार सुबह घायल ऋषभ को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पकड़ा गया आरोपी और उसके पास मिला चाकू दिखाई दे रहा है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और अपहरण के संभावित ठिकानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वारदात की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी। एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित ऋषभ सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने घटना के संबंध में परिजनों से भी बातचीत की। इसके बाद एएसपी रामपुर बघेलान थाने पहुंचे, जहां पकड़े गए पुलिसकर्मी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एसपी हंसराज सिंह से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

