कैबिनेट बैठक में पैक्स चुनाव एक वर्ष के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव मंजूर
मध्य प्रदेश सरकार ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पीएसीएस) और जिला सहकारी बैंकों (डीसीबी) के चुनावों को लेकर अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में इन चुनावों को एक वर्ष के लिए स्थगित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट की इस बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगी और चुनाव अगले एक साल तक नहीं होंगे। सरकार ने यह निर्णय राज्य में नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के गठन और मौजूदा समितियों के परिसीमन की प्रक्रिया को देखते हुए लिया है। सरकार के अनुसार, इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद ही पैक्स समितियों के चुनाव कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए। जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में पैक्स समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधि मतदाता की भूमिका निभाते हैं। इसलिए पैक्स चुनाव स्थगित होने का असर जिला सहकारी बैंकों की चुनाव प्रक्रिया पर भी पड़ेगा। अब बैंकों के चुनाव पैक्स समितियों के चुनाव संपन्न होने के बाद ही आयोजित किए जाएंगे। कैबिनेट ने प्रदेश के नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है। इस निर्णय से संबंधित बैंकों की पूंजीगत स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। इसी बैठक में ट्रायवल कैफेटेरिया और जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग देने जैसे फैसले भी शामिल रहे।
