भोपाल के रवींद्र भवन में तीन दिवसीय मालवा महोत्सव का शुभारंभ, विभूतियों को सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आंचलिक बोलियों का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए आवश्यक है। मालवा की बोली, व्यवहार और पकवानों की अपनी अलग पहचान है। मालवा की माटी में सौंधापन और आत्मीयता है। यहां की संस्कृति की हर काल में अपनी विशिष्ट पहचान रही है। मालवी भाषा का अंदाज भी निराला है। इसे समझने वाला ही इसके भाव और अर्थ को सही मायने में समझ सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित तीन दिवसीय मालवा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्मारिका 'यो अपनो मालवो' का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन कालगणना का केंद्र और अनेक महापुरुषों की धरती रही है। मालवा का इतिहास और सांस्कृतिक विरासत देशभर में विशिष्ट स्थान रखती है। पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के कार्यों को समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला का विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद में शुभारंभ हुआ। भोपाल के पास रातापानी अभयारण्य को मालवा के सपूत डॉ. वाकणकर के नाम पर समर्पित किया गया है। मालवा की देवी अहिल्याबाई होल्कर का योगदान केवल सुशासन तक सीमित नहीं था। उन्होंने सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यों से अपनी अमिट छाप छोड़ी।
