भोपाल के एक कारोबारी परिवार की 16 वर्षीय किशोरी को इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती महंगी पड़ गई। कामरान नामक युवक ने प्यार का झांसा देकर, शादी का प्रस्ताव रखकर और फिर अपनी मजबूरी बताकर छात्रा से करीब ढाई लाख रुपये ठग लिए। जब किशोरी ने पैसे देने से इनकार किया तो युवक ब्लैकमेलिंग पर उतर आया और उसने दोस्ती की बात परिजनों को बताने की धमकी दी। इससे भी बात न बनने पर उसने किशोरी पर घर में चोरी करने का दबाव बनाया। डर के कारण किशोरी ने घर से नकदी और मां के गहने लाकर युवक को दे दिए। घर में चोरी की भनक लगने पर पूछताछ हुई तो किशोरी ने पूरी घटना बताई। पुलिस के अनुसार, कोहेफिजा क्षेत्र की रहने वाली छात्रा कक्षा 11वीं में पढ़ती है। अगस्त में उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर कामरान नामक युवक से हुई थी। चैटिंग और फोन पर बातचीत के बाद दोनों की मुलाकातें भोपाल में शुरू हुईं। कामरान ने छात्रा के सामने प्यार का इजहार किया, शादी का प्रस्ताव रखा और उसका भरोसा जीत लिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने बताया कि उस पर एक आपराधिक मामला चल रहा है और उसे वकील की फीस के लिए पैसों की जरूरत है। छात्रा इसे मदद समझती रही और उसने अपनी जमा-पूंजी और मां के गहने तक दे दिए। घटना 28 सितंबर की है, जब कामरान छात्रा को कोतवाली क्षेत्र में वनीला होटल के पास ले गया। वहां उसके दोस्त अरशान और शिवरंजन पहले से मौजूद थे। आरोप है कि कामरान ने दोनों दोस्तों के सामने छात्रा से अश्लील छेड़छाड़ की। इसके बाद अरशान और शिवरंजन ने छात्रा को बदनाम करने की धमकी दी और उस पर पैसे देने का दबाव बनाया। घबराई छात्रा ने किसी को बताने की हिम्मत नहीं जुटाई और उसने घर से मां के सोने के दो कंगन लाकर आरोपितों को सौंप दिए। लंबे समय तक डरी-सहमी रहने के बाद जब घर से सामान गायब मिला और परिजनों ने पूछताछ की, तब छात्रा ने पूरा घटनाक्रम खोलकर बताया। शुक्रवार को वह कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अपाला सिंह ने बताया कि जांच के बाद कामरान, अरशान और शिवरंजन के खिलाफ छेड़छाड़, रंगदारी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कामरान ने छात्रा का विश्वास जीता और फिर पैसे ऐंठने लगा।
समाचार
प्यार के झांसे में किशोरी से ठगी, घर में कराई चोरी
25 अक्टूबर 2026 को 11:53 pm बजे

प्यार के झांसे में किशोरी से ठगी, घर में कराई चोरी
