मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर चेकिंग कर रहे सिविल लाइन थाने के कांस्टेबल ओमप्रकाश तिवारी को एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही कांस्टेबल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर पीछा करने के बाद आरोपी चालक को वाहन समेत नूराबाद के पास पकड़ लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि पुलिस टीम एक दबिश से लौट रही थी, जिसके बाद टीम नेशनल हाईवे-44 पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कांस्टेबल ओमप्रकाश तिवारी सड़क पर एक बाइक सवार को रुकने का इशारा कर रहे थे। तभी मुरैना की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे लोडिंग वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलकर भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने घायल कांस्टेबल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत बेहद गंभीर होने के चलते बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस टीम ने करीब 12 किलोमीटर तक लगातार पीछा किया।
समाचार
तेज रफ्तार वाहन ने कांस्टेबल को कुचला, चालक पकड़ा
22 अक्टूबर 2026 को 11:08 pm बजे
