छतवई गांव की दुर्गा सिंह लकड़ी पर खूबसूरत आकृतियां उकेरकर हर महीने लगभग 6 से 8 हजार रुपये कमा रही हैं। उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद भी आर्थिक परिस्थितियों ने आगे बढ़ने की राह कठिन बनाई थी। दुर्गा ने निराश होने के बजाय अपने हुनर को अपनी ताकत बना लिया। शहडोल जिले के छोटे से गांव छतवई की दुर्गा अपनी मेहनत, लगन और कलात्मक प्रतिभा से महिला सशक्तिकरण की प्रेरक कहानी लिख रही हैं। वर्ष 2019 में मनोविज्ञान विषय से एमए करने के बाद दुर्गा ने सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की थी। पिता की मजदूरी से चलने वाले परिवार की आर्थिक परिस्थितियां उनके सामने बड़ी चुनौती थीं। मां गृहिणी हैं और परिवार में तीन बहनें तथा एक भाई हैं। सीमित आय के बीच अपने सपनों को पूरा करना आसान नहीं था। दुर्गा ने परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय कुछ नया सीखकर अपने पैरों पर खड़े होने का संकल्प लिया। उन्होंने सबसे पहले सिलाई-बुनाई सीखी। इसके बाद ब्यूटी पार्लर का काम भी सीखने का प्रयास किया। इन कार्यों से अपेक्षित आमदनी नहीं हुई, लेकिन हर अनुभव ने उन्हें कुछ नया करने की प्रेरणा दी। इसी तलाश ने दुर्गा को छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र तक पहुंचाया, जहां उनके जीवन को नई दिशा मिली। केंद्र में उन्होंने सबसे पहले जनजातीय गोंडी चित्रकला का प्रशिक्षण लिया। रंगों, रेखाओं और पारंपरिक आकृतियों से जुड़ते ही उनकी कलात्मक प्रतिभा निखरने लगी। इसी दौरान उनकी रुचि काष्ठ शिल्प की ओर बढ़ी। दुर्गा ने लकड़ी पर चित्रांकन और आकर्षक कलाकृतियां बनाने की बारीकियां सीखना शुरू किया। महज एक महीने के अभ्यास में उन्होंने अपनी लगन और कलात्मक समझ से प्रशिक्षकों को प्रभावित किया। गोंडी चित्रकला का ज्ञान उनके काष्ठ शिल्प को और आकर्षक बनाने में मदद कर रहा है। जिस हुनर को उन्होंने सीखने की शुरुआत की थी, वही अब उनकी कमाई का जरिया बन रहा है। वर्तमान में दुर्गा काष्ठ शिल्प से प्रतिमाह लगभग 6 से 8 हजार रुपये अर्जित कर रही हैं। यह आमदनी भले सीमित हो, पर उनकी आर्थिक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के लिए इसका महत्व अधिक है।
समाचार
लकड़ी पर उकेरे सपने: छतवई की दुर्गा हुनर से आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहीं
23 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे
लकड़ी पर उकेरे सपने: छतवई की दुर्गा हुनर से आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहीं
