कलाल्दा में आयोजित शरद उत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी जिले के गायत्री धाम, कलाल्दा में आयोजित शरद उत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों से ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, उपलब्धियों और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए संवाद में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षा, खेल, संगीत और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों से उनकी सफलता, भविष्य के लक्ष्यों और आकांक्षाओं पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना भी की। नीट परीक्षा में सफल छात्र रोहित बामनिया की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उसे समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली, सेंधवा के पूर्व छात्र रोहित बामनिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने नीट-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शासकीय मेडिकल कॉलेज, नीमच में प्रवेश लिया है। उनके साथ अध्ययन करने वाले अन्य सहपाठियों का भी नीट परीक्षा के माध्यम से शासकीय मेडिकल कॉलेजों में चयन हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोहित की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके परिवार के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें चिकित्सक बनकर सेवाभाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। रोहित ने बताया कि उनकी मेडिकल शिक्षा की फीस मध्य प्रदेश शासन द्वारा वहन की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वंचित और पिछड़े वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पात्र विद्यार्थियों को शासकीय और निजी महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए शासन की योजनाओं के माध्यम से फीस संबंधी सहायता दी जा रही है। उन्होंने रोहित से कहा कि चिकित्सक बनने के बाद समाज की सेवा करने के साथ ही अपने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान करें। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आराधना तरोले के गायन से उपस्थितजन मंत्रमुग्ध हो गए। विद्यार्थियों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
